युवाओं पर लाठीचार्ज के विरोध में पुरोला में गरजी कांग्रेस: मोदी सरकार का पुतला फूंका, राष्ट्रपति से पीएम और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोला,uttarkashi: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने हक की आवाज उठा रहे छात्र-छात्राओं और नौजवानों पर केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में देशभर में आक्रोश का माहौल है। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर आज यमुना घाटी के पुरोला जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार जुलूस प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला दहन किया।
लाठीचार्ज की इस बर्बर घटना के विरोध में जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। संसद के भीतर और सड़कों पर विपक्षी दलों द्वारा लगातार केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही रवैये के खिलाफ उग्र आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुरोला के कांग्रेसजनों ने आज सड़कों पर उतरकर मोदी सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।
एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप-जिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से राष्ट्रपति को एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन के जरिए कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने और तानाशाही का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल मंत्रिमंडल से इस्तीफे की पुरजोर मांग की।
”लोकतंत्र की हत्या कर रही केंद्र सरकार”
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब-जब देश का युवा, छात्र और किसान अपने अधिकार और न्याय के लिए आवाज उठाता है, तब-तब केंद्र की मोदी सरकार पुलिस बल का प्रयोग कर उनका दमन करने का काम करती है। दिल्ली में छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज लोकतंत्र के मुंह पर तमाचा है। विपक्ष संसद से लेकर सड़क तक इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से लड़ता रहेगा।
इस अवसर पर पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष, धीरेन्द्र सिंह नेगी, नगर अध्यक्ष कविंद्र असवाल, राजुलि बत्रा, जयेंद्र रावत, जगवीर रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



