उत्तराखंडक्राइमदेहरादूनपुलिस

इंस्टाग्राम रील ने खोला राज: 10 लाख की ज्वेलरी चोरी के आरोप में पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तार

पत्रिका न्यूज नेटवर्क     

Dehradun; सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक चोर महिला को इस कदर भारी पड़ गया कि उसे सीधे जेल की हवा खानी पड़ी। राजधानी के राजपुर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक रील ने करीब एक साल पुरानी 10 लाख रुपये की हाईप्रोफाइल ज्वेलरी चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की पूर्व घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

​क्या है पूरा मामला?

​राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क निवासी नितिशा वत्स के घर से करीब एक साल पहले सोने और हीरे के कीमती आभूषण रहस्यमयी ढंग से गायब हो गए थे। उस समय नितिशा को लगा कि आभूषण कहीं आगे-पीछे रख दिए गए हैं या किसी रिश्तेदार के पास छूट गए हैं, जिसके चलते उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।

​मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब कुछ दिनों पहले नितिशा के एक परिचित ने उन्हें एक इंस्टाग्राम रील दिखाई। इस रील में उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला (34 वर्ष) एक बेहद कीमती हीरे का हार पहनकर रील और तस्वीरें साझा करती दिख रही थी। नितिशा ने जब वह रील देखी, तो उनके होश उड़ गए; रील में दिख रहा हार कोई और नहीं बल्कि उनका अपना चोरी हुआ हार था। इसके बाद उन्होंने तुरंत 1 जुलाई 2026 को राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों पर राजपुर थाना पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को दबोच लिया।

बरामदगी का विवरण:

आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पूरा शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है, जिसमें शामिल हैं:

  • ​01 हीरे का कीमती हार
  • ​01 सोने का लॉकेट
  • ​02 सोने की अंगूठियां
  • ​01 सोने का पेंडल
  • ​01 ओप्पो (Oppo) मोबाइल फोन

पूछताछ के दौरान आरोपी विमला ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वह नितिशा वत्स के घर पर साफ-सफाई का काम करती थी। लॉकर में महंगे आभूषण देखकर उसकी नीयत डोल गई और मौका पाकर उसने हाथ साफ कर दिया। शातिर महिला ने बड़ी चालाकी से मालकिन को यह भरोसा भी दिला दिया कि गहने घर में ही कहीं खोए हैं।

​चूंकि आभूषण बेहद महंगे और हीरे के थे, इसलिए वह उन्हें आसानी से बाजार में बेच नहीं पा रही थी और लगातार किसी गुप्त खरीदार की तलाश में थी। इसी बीच शौक-शौक में हार पहनकर बनाई गई इंस्टाग्राम रील ही उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button