शिक्षकों के लिए बड़ी खबर: अब ‘एक क्लिक’ पर मंजूर होगी छुट्टी!

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
देहरादून: उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में अब ‘कागजी भागदौड़’ का दौर खत्म होने वाला है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम की घोषणा की है।
प्रदेश के शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कार्मिकों को अब अवकाश के लिए कार्यालयों या अधिकारियों के चक्कर नहीं काटने होंगे। जल्द ही विद्या समीक्षा केंद्र के डिजिटल मंच पर एक विशेष ‘ऑनलाइन छुट्टी प्रबंधन मॉड्यूल’ शुरू किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था से शिक्षक अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे छुट्टी के लिए अप्लाई कर सकेंगे। आवेदन की स्थिति को ट्रैक किया जा सकेगा और छुट्टियां एक तय समय सीमा के भीतर मंजूर होंगी। अब छुट्टियों का सारा ब्योरा ऑनलाइन सुरक्षित रहेगा, जिससे भविष्य में पेंशन या सेवा पुस्तिका के कार्यों में कोई अड़चन नहीं आएगी।
”हमारा उद्देश्य विभाग में पारदर्शिता, दक्षता और सुशासन सुनिश्चित करना है। इस ऑनलाइन मॉड्यूल से शिक्षकों का कीमती समय बचेगा, जिसे वे छात्रों के बेहतर भविष्य और शिक्षण कार्य में लगा सकेंगे। अधिकारियों को इस प्रणाली को जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।” डॉ. धन सिंह रावत शिक्षा मंत्री,



