पवाणी अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, आवास निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये की सहायता की घोषणा

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मोरी uttarkashi: विकासखंड मोरी के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का दुख बांटने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड में अपना सब कुछ गंवा चुके पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त और पूरी तरह जल चुके आवासीय भवनों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार को नया मकान बनाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, प्रभावितों को 6 माह का राशन उपलब्ध कराया जाएगा और तत्काल रहने की समस्या के समाधान के लिए किराये के आवास की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखते हुए प्रभावित परिवारों को सामान्य जनजीवन में लौटाने को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
प्रशासन को सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावितों के लिए भोजन, आवास, राशन और अन्य बुनियादी सुविधाओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ग्रामीणों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याओं का परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने सौंपा मांगपत्र
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत कराया। प्रमुख मांगों में शामिल हैं:
प्रभावित किसानों के ऋण माफ किए जाएं।
मोरी विकासखंड के गांवों में पानी के भंडारण के लिए टैंकों की व्यवस्था हो।
पवाणी और ओसला के बीच हेलीपैड का निर्माण किया जाए।
गंगाड़ से सीमा-ओसला तक मोटर मार्ग निर्माण और क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापित किए जाएं।
पवाणी गांव को गोद लेकर इसके पुनर्वास और विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए।
प्रशासनिक मुस्तैदी और उपस्थिति
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में प्रशासन की टीम घटनास्थल पर लगातार डटी हुई है और विभिन्न विभाग आपसी समन्वय से राहत कार्य चला रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पूर्व विधायक मालचंद, ब्लॉक प्रमुख रणदेव सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बचन सिंह पंवार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सिंह राणा, भगतसिंह रावत, जयचन्द सिंह रावत, सुखदेव, उमराव सिंह चौहान, राजपाल सिंह रावत, प्रहलाद सिंह, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।




