
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोला। रवांई वैली पत्रकार संगठन की बैठक में कार्यकारणी का विस्तार करते हुए कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि रवांई वैली पत्रकार संगठन में जन सरोकार की पैरवी करने वाले गैर राजनीतिक लोगों को भी शामिल किया जाएगा।
पुरोला जीएमवीएन में संगठन के संरक्षक जयवीर सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रवांई घाटी में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया गया है। बैठक में पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारिता का मूल चरित्र जन सरोकार से जुड़ा होना चाहिए। मीडिया पर सिर्फ सवाल पूछने तक खुद को सीमित करने की बजाय शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है।
बैठक में वक्ताओ ने कहा कि सोशल मीडिया की भूमिका को भी नकारा नहीं जा सकता है क्योंकि यह पब्लिक फोरम है। यह हर आम और खास को प्लेटफार्म देता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार सबके मुंह में है लेकिन बोलता कोई नहीं है। इसके लिए चुप्पी तोड़नी होगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि क्षेत्र हित में भ्रष्ट अधिकारियों/ कर्मचारियों के कारनामों को उजागर करने का कार्य किया जाएगा। वर्षो से क्षेत्र में जमें अधिकारियों/ कर्मचारियों की आय से अधिक संपत्ति का भी खुलासा किया जाएगा।
बैठक में संगठन का विस्तार भी किया गया, जिसमें कैलाश रावत को संगठन मंत्री, दीपक रावत को मीडिया प्रभारी, जय प्रकाश को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने हेतु भी कार्य किया जाएगा। बैठक में संगठन के संरक्षक जगमोहन पोखरियाल, आचार्य लोकेश बडोनी मधुर, अध्यक्ष रोहित बिजल्वाण, कोषाध्यक्ष गजेंद्र चौहान, सचिव प्रताप सिंह रावत, उपाध्यक्ष दीपेंद्र कलूड़ा उपस्थित रहे।