
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मोरी,uttarkashi: थाना मोरी क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में मोरी पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को भी नालापानी चौक (देहरादून) से सकुशल बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 3 सितम्बर 2026 को मोरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अचानक घर से चले जाने और वापस न लौटने के संबंध में थाने में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मोरी, दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस सिस्टम की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। 10 सितम्बर 2026 को संयुक्त टीम ने देहरादून के नालापानी चौक पर दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा और किशोरी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय नीरज कुमार (पुत्र विजय कुमार), निवासी पुरोला, हाल निवासी आर्यनगर (देहरादून) के रूप में हुई है। जांच, साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 5(ठ) की वृद्धि कर दी है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
• महिला उपनिरीक्षक संतोष भट्ट
• अपर उपनिरीक्षक भगत राम नौटियाल
• कांस्टेबल अजय रमोला
• कांस्टेबल महिदेव चौहान
• एसओजी टीम



