उत्तरकाशीउत्तराखंडक्राइमपुलिस

मोरी के बरी गांव में कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने वाला 20 वर्षीय फरार आरोपी गिरफ्तार

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​मोरी,uttarkashi: मोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरी में कुल्हाड़ी से वार कर एक व्यक्ति की हत्या करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कस्बा मोरी से दबोच कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

07 सितंबर को दिया था वारदात को अंजाम

घटना 07 सितंबर की है, जब मोरी प्रखंड के राजस्व क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरी में 38 वर्षीय करमचन्द (पुत्र ढ़टीराम) पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल करमचन्द की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसके बाद हमलावर फरार हो गया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव का पंचायतनामा व पोस्टमार्टम कराया।

मुकदमा दर्ज कर गठित की गई थीं टीमें

मृतक की पत्नी की तहरीर पर 08 सितंबर 2026 को मोरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

मोरी से दबोचा गया आरोपी

पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों, परिजनों व रिश्तेदारों के यहां लगातार दबिश दी। तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इनपुट के आधार पर पुलिस ने 11 सितंबर 2026 को आरोपी को कस्बा मोरी से गिरफ्तार कर लिया।

• ​गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण: सुमन चन्द्र देव (उम्र 20 वर्ष), पुत्र जयचन्द, निवासी दांताधार तोक, ग्राम बरी, मोरी, जनपद उत्तरकाशी।

​पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button