हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद: भारी बारिश के बीच कांग्रेसियों का सीएम आवास कूच, पुलिस से तीखी झड़प

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Dehradun: हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मैदान के तथाकथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला अब गरमाता जा रहा है। इस घटना के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश के बावजूद भारी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
हाथीबड़कला पर पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की
कांग्रेस कार्यकर्ता जब सीएम आवास की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस प्रशासन ने हाथीबड़कला के पास भारी बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। आगे बढ़ने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस को प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में फूटा गुस्सा
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की सफल रैली के बाद सुनियोजित तरीके से मैदान का शुद्धिकरण कराया गया, जो सीधे तौर पर दलित समाज और कांग्रेस नेतृत्व का अपमान है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश के थानों में तहरीर देने के बाद भी शुद्धिकरण करने वाले आरोपियों के खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके उलट, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घेराव के दौरान कांग्रेस का कुनबा बढ़ा
प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। सीएम आवास घेराव स्थल पर ही उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कई लोगों ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर भरोसा जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता का आक्रोश कराउर दिया।



