
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
यमुनोत्रीuttarkashi: विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के मुख्य पड़ावों पर आस्था और मर्यादा को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। जानकीचट्टी और राम मंदिर जैसे पवित्र स्थलों के पास स्थित ढाबों में खुलेआम मांस परोसे जाने की खबरें हैं, जिससे स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों में भारी आक्रोश है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें यमुनोत्री यात्रा मार्ग के राम मंदिर स्थित एक ढाबे में मांस परोसे जाने का दावा किया गया है। यह वीडियो सामने आने के बाद चारधाम यात्रा की पवित्रता और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। स्थानीय जागरूक नागरिकों का कहना है कि इस तरह के कृत्य न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं, बल्कि यमुनोत्री धाम की सदियों पुरानी परंपरा और आस्था को भी धूमिल कर रहे हैं।
धाम की पवित्रता सर्वोपरि
यमुनोत्री धाम करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ावों पर इस तरह की अनैतिक गतिविधियों का होना प्रशासन की ढिलाई को दर्शाता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यमुनोत्री धाम की निर्मलता, आस्था और श्रद्धा को बनाए रखने के लिए प्रशासन को “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनानी होगी।
अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के संज्ञान में आने के बाद प्रशासन क्या ठोस कदम उठाता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
यमुनोत्री क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता महाबीर पंवार माही ने उत्तरकाशी जिला प्रशासन, यमुनोत्री यात्रा प्रशासन और मंदिर समिति से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जानकीचट्टी और राम मंदिर जैसे संवेदनशील पड़ावों पर प्रशासन को औचक निरीक्षण और छापेमारी कर जिन ढाबों या होटलों में मांस, मदिरा, अंडे या अन्य नशीले पदार्थों का अवैध संचालन पाया जाता है, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील किया जाना चाहिए।



