केदारनाथ यात्रा : आस्था का सैलाब, पहले सप्ताह में ही 2 लाख श्रद्धालुओं ने रचा इतिहास

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ रही है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद मात्र सात दिनों के भीतर 2,07,452 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यात्रा के सातवें दिन मंगलवार को 21,134 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे यात्रा क्षेत्र को 3 सुपर जोन, 17 जोन और 47 सेक्टर में बांटा गया है। NDRF, SDRF की 8 टीमें, फायर सर्विस और एंटी-टेरर स्क्वॉड (ATS) हर मोड़ पर तैनात हैं। आधुनिक टोकन व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को कम समय में सहज दर्शन हो रहे हैं।
”धाम में जगह-जगह अलाव जलाए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बारिश में भीग रहे यात्रियों को चिन्हित कर सुरक्षित ठिकानों और अलाव केंद्रों तक पहुंचा रहे हैं।”

स्वास्थ्य विभाग ने गौरीकुंड से केदारनाथ तक हेल्थ चेकअप सेंटर स्थापित किए हैं, जहाँ ऑक्सीजन और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता है। आपात स्थिति के लिए हेली-रेस्क्यू की सुविधा भी 24 घंटे सक्रिय है। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के साथ इसे ‘इको-फ्रेंडली’ यात्रा बनाया गया है।स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, विशेषकर महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। घोड़ा-खच्चरों के लिए बीमा अनिवार्य किया गया है और पशु क्रूरता पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
आधुनिक सुविधाएं: वाटर एटीएम और सोलर लाइटें
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पैदल मार्ग पर वाटर एटीएम और रात के सफर को सुरक्षित बनाने के लिए 600 स्ट्रीट लाइटों के साथ 300 सोलर लाइटें लगाई गई हैं। प्रशासन ने अपील की है कि यात्री आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और विषम मौसम को देखते हुए पूरी तैयारी के साथ आएं। #Kedarnath2026, #ChardhamYatra, #Devbhoomi



