
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मोरीUTTARKASHI: उत्तरकाशी जनपद के मोरी ब्लॉक स्थित दूरस्थ फिताड़ी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद आज कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। मंत्री ने अग्नि पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और इस आपदा की घड़ी में सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान हालांकि किसी बड़े तात्कालिक आर्थिक पैकेज की सीधी घोषणा नहीं हुई लेकिन सौरभ बहुगुणा ने प्रभावित 14 परिवारों के भविष्य और आजीविका को सुरक्षित करने के लिए उन्होंने घोषणा की कि अग्निकांड से प्रभावित इन सभी परिवारों को सरकार की महत्वाकांक्षी ‘गोट वैली प्रोजेक्ट’ (Goat Valley Project) से जोड़ा जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। तथा प्रभावित परिवारों की हर सम्भव सहायता की जाएगी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने पीड़ित 14 परिवारों को गोट वैली प्रोजेक्ट से जोड़ने की घोषणा करते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बकरियों के वितरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों की आजीविका को मजबूत किया जा सके और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं कैबिनेट मंत्री के सामने रखी, जिनमें मुआवज़ा, पुनर्वास और भविष्य में ऐसी घटनाओं से सुरक्षा के उपाय प्रमुख रहे। मंत्री ने सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिया।
इस दौरान पुरोला विधायक दुर्गेश्वरलाल, डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, एसडीएम मुकेशचंद रमोला, सीवीओ एचएस बिष्ट, पूर्व विधायक मालचंद, पूर्व ब्लाक प्रमुख बच्चन सिंह पंवार ,भाजपा नेता सतेंद्र सिंह राणा, बलबीर राणा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



