22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
उखीमठ/ रूद्रप्रयाग: 15 फरवरी: ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रात: 8 बजे दर्शनार्थ खुलेंगे। रविवार पूर्वाह्न शिवरात्रि के अवसर पर परंपरानुसार केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल एवं मंदिर समिति सदस्यों, धर्माचार्यों, जन प्रतिनिधियों वेदपाठियों एवं पंचगाई हकहकूकधारियों, प्रशासन की उपस्थिति में शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पंचांग गणना के पश्चात कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित हुई तथा भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित हो गया। इस अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ को भव्य रूप से साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था तथा भंडारे का आयोजन भी किया गया।
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के कार्यक्रम में उखीमठ पहुंचे बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के अवसर पर सभी देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी तथा बदरीनाथ केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा हेतु आमंत्रित किया उन्होंने यात्रा तैयारियों के निर्देश दिए तथा कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मंदिर समिति परंपराओं और अधिकारों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है।



