अंकिता भंडारी हत्याकांडउत्तराखंडदेहरादूनहरिद्वार

अंकिता भंडारी प्रकरण में नया विवाद: निजी चैट सार्वजनिक करने पर माता-पिता ने दर्ज कराई शिकायत, दो लोगों पर कार्रवाई की मांग

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​देहरादून / हरिद्वार: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामले में एक बार फिर नया विवाद खड़ा हो गया है। हरिद्वार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिवंगत अंकिता की निजी बातचीत (व्हाट्सऐप चैट) सार्वजनिक किए जाने पर उनके माता-पिता ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस मामले में परिजनों ने पूर्व भाजपा नेता और उनके वकील के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​राजपुर थाने में दी गई लिखित शिकायत

अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने रविवार देर शाम राजपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। यह शिकायत पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ दी गई है। इस दौरान समाजसेवी योगिता भयाना भी पीड़ित माता-पिता के साथ थाने में मौजूद रहीं।

​प्रेस कॉन्फ्रेंस में छवि धूमिल करने का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर में परिजनों ने आरोप लगाया है कि 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। इस दौरान उनकी दिवंगत बेटी की निजी व्हाट्सऐप चैट को न केवल सार्वजनिक किया गया, बल्कि तथ्यों को तोड़-मरोड़कर भी पेश किया गया। माता-पिता का कहना है कि इस कृत्य के माध्यम से उनकी बेटी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक कर उसे बदनाम करने और उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

​माता-पिता ने जताई गहरी नाराजगी

थाने के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए अंकिता की मां सोनी देवी ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस बेटी को न्याय मिलना चाहिए, आज उसकी निजी चैट सार्वजनिक कर उल्टा माता-पिता को ही कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। सोनी देवी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी पक्ष को कोई बात या सबूत रखना था, तो उसे माननीय अदालत के समक्ष रखना चाहिए था, न कि प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उनकी बेटी के चरित्र पर सवाल उठाने चाहिए थे।

​अधिवक्ता का लाइसेंस रद्द करने की मांग

वहीं, परिजनों के साथ थाने पहुंचीं समाजसेवी योगिता भयाना ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होकर निजी चैट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता अनुज पुंडीर का बार लाइसेंस रद्द करने की मांग उठाई है। फिलहाल, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button