दयारा बुग्याल सर्च ऑपरेशन: 9वें दिन भी बबीता की तलाश जारी, आज आसमान से ‘युकाडा’ के हेलीकॉप्टर ने नापा दयारा का चप्पा-चप्पा

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Uttarkashi: उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक रूट से गत 30 मई को लापता हुई महिला ट्रैकर बबीता पाण्डेय का 9 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। समय की हर बीतती सुई के साथ यह सवाल अब बेहद गहरा, संवेदनशील और रहस्यमयी होता जा रहा है कि आखिर—’बबीता गई कहाँ?’
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन उत्तरकाशी ने पूरी ताकत झोंक दी है और रेस्क्यू ऑपरेशन को ‘युद्ध स्तर’ पर तेज कर दिया है। रविवार को इस सर्च ऑपरेशन में आसमान से भी नजर रखी गई, लेकिन कुदरत के इस खूबसूरत और दुर्गम इलाके ने बबीता की गुमशुदगी के राज को अपने सीने में ही दफन कर रखा है।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से लापता महिला ट्रैकर बबीता पाण्डेय की खोज में आज रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन और अधिक व्यापक और हाई-टेक हो गया है। समय बीतने के साथ-साथ जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने लापता महिला की सकुशल बरामदगी के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आज इस महा-अभियान में जमीन के साथ-साथ आसमान से भी सघन चेकिंग चलाई गई।
युकाडा के हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण, चप्पे-चप्पे पर नजर
आज रेस्क्यू ऑपरेशन को और तेज करते हुए युकाडा के हेलीकॉप्टर को मैदान में उतारा गया। हेलीकॉप्टर के माध्यम से दयारा ट्रेक और उसके आसपास के सम्पूर्ण बेहद जटिल और विस्तृत क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया गया। घने जंगलों के ऊपर मंडराते हेलीकॉप्टर से खोजी दल ने हर उस संभावित और संकरे स्थान की बारीकी से जांच की, जहां इंसानी कदमों का पहुऺचना बेहद चुनौतीपूर्ण है।
दयारा बुग्याल का भूगोल जितना खूबसूरत है, उतना ही दुर्गम भी है। बबीता का सुराग लगाने के लिए इस समय राज्य और देश की सबसे बेहतरीन 6 एजेंसियां एक साथ मिलकर कोऑर्डिनेटेड सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, निम, राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें अपनी जान जोखिम में डालकर मोर्चों पर डटी हुई हैं:
9 दिन बीत जाने के बाद भी लापता युवती का कोई ठोस सुराग न मिलना इस अभियान को बेहद संवेदनशील बना रहा है। हालांकि, आज के इस बड़े हवाई और जमीनी सर्च ऑपरेशन से यह साफ है कि प्रशासन किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है।
सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तरह से समन्वित रूप से काम कर रही हैं। आपदा प्रबंधन और पुलिस प्रशासन का कहना है कि जब तक लापता महिला का पता नहीं चल जाता, यह अभियान बिना रुके निरंतर जारी रहेगा।



