Featuredउत्तरकाशीउत्तराखंडउद्यान विभागकृषिगुच्छी मशरूमरोजगार

पुरोला में खेती का नया अध्याय : दुनिया के सबसे महंगे ‘गुच्छी मशरूम’ की सफल पैदावार

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

​पुरोलाUTTARKASHI : उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में अब खेती केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित नहीं रह गई है। पुरोला विकासखंड के जरमोला से एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। यहां उद्यान विभाग ने दुनिया के सबसे दुर्लभ और महंगे मशरूमों में शुमार ‘गुच्छी मशरूम’ की सफल खेती कर एक नई वैज्ञानिक उपलब्धि हासिल की है।

आमतौर पर गुच्छी मशरूम (वानस्पतिक नाम: मोरचेला एस्कुलेंटा) केवल जंगलों में विशेष तापमान, नमी और जटिल प्राकृतिक चक्रों के बीच स्वतः ही उगता है। वैज्ञानिकों के लिए इसे नियंत्रित वातावरण में उगाना लंबे समय से एक चुनौती रहा है। लेकिन जरमोला स्थित राजकीय उद्यान में उद्यान विभाग ने नियंत्रित पॉलीहाउस के भीतर खुले खेत जैसी परिस्थितियां पैदा कर दिखाई है।

इसकी कीमत बाजार में ₹30,000 से ₹40,000 प्रति किलो तक होती है। यह मशरूम अपने विशिष्ट स्वाद और औषधीय गुणों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। प्राकृतिक निर्भरता के कारण अब तक इसकी व्यवस्थित खेती करना असंभव माना जाता था।

उद्यान विभाग द्वारा की गई यह पहल नवाचार आधारित कृषि को बढ़ावा देगी। इस सफलता के बाद अब विभाग इसके प्रसार के लिए एक रोडमैप तैयार कर रहा है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों और युवाओं को स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

​यह प्रयोग न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। अब जंगलों से इसके अत्यधिक दोहन को कम किया जा सकेगा और इसे व्यावसायिक फसल के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button