केदारनाथ यात्रा : श्रद्धालुओं के लिए ‘वरदान’ बने 12 वाटर एटीएम, मात्र ₹1 में मिल रहा शुद्ध पेयजल

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
रुद्रप्रयाग: बाबा केदार के दर्शनों के
लिए उमड़ रहे आस्था के सैलाब के बीच जिला प्रशासन की एक विशेष पहल यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर स्थापित किए गए 12 हाई-टेक वाटर एटीएम न केवल प्यास बुझा रहे हैं, बल्कि श्रद्धालुओं के समय और पैसे की भी बचत कर रहे हैं।
यात्रा मार्ग पर दी जा रही इस सुविधा की कुछ खास बातें
• किफायती दर: बाजार में ₹20 में मिलने वाली पानी की बोतल के मुकाबले यहाँ मात्र ₹1 में 1 लीटर शुद्ध पानी उपलब्ध है।
• सुपर फास्ट सर्विस: इन मशीनों से मात्र 4 सेकेंड में एक लीटर पानी भरा जा सकता है, जिससे लंबी कतारों की समस्या नहीं होती।
• गर्म और ठंडे का विकल्प: ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड को देखते हुए मशीनों में ठंडा और गर्म दोनों तरह का पानी उपलब्ध कराया गया है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता वीरेंद्र भण्डारी के अनुसार, यात्रियों की भारी संख्या को देखते हुए इन मशीनों को केदारनाथ मंदिर, आस्था पथ, बेस कैंप, छानी कैंप, बड़ी लिनचोली, छोटी लिनचोली, भीमबली, मीठापानी, जंगल चट्टी, गौरीकुंड और सोनप्रयाग में स्थापित किया गया है।
यात्रा के शुरुआती पांच दिनों में ही हजारों श्रद्धालु इन वाटर एटीएम का लाभ उठा चुके हैं। प्रशासन की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए यात्रियों का कहना है कि इससे न केवल आर्थिक राहत मिल रही है, बल्कि प्लास्टिक की बोतलों के कम इस्तेमाल से हिमालयी पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिल रही है।



