शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक पृथ्वी सिंह रावत का गांव में ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत, प्रधानाध्यापक के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोलाuttarkashi : उत्तराखंड सरकार द्वारा दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार’ से सम्मानित होने के बाद गृह क्षेत्र पहुंचे शिक्षक पृथ्वी सिंह रावत का महर गांव में ऐतिहासिक व भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। पुरोला ब्लॉक में प्राथमिक शिक्षा की तस्वीर बदलने वाले आदर्श प्राथमिक विद्यालय उदकोटी के प्रधानाध्यापक पृथ्वी सिंह रावत के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों, शिक्षकों और रिश्तेदारों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। ढोल-दमाऊ की थाप और आतिशबाजी के बीच पूरा क्षेत्र ‘गौरव के क्षण’ का साक्षी बना।
ग्रामीणों ने आयोजित किया भव्य अभिनंदन समारोह
सम्मान समारोह का आयोजन ग्राम पंचायत और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में महर गांव में किया गया। इस मौके पर न केवल महर गांव, बल्कि आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और रिश्तेदार पहुंचे।
समारोह में पहुंचे वक्ताओं ने कहा कि पृथ्वी सिंह रावत ने सीमित संसाधनों के बावजूद जिस निष्ठा और लगन से प्राथमिक शिक्षा को संवारा है, वह पूरे जनपद और राज्य के लिए एक नजीर है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे रवांई क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कार्यक्रम के समापन पर ग्राम पंचायत की ओर से सभी आगंतुकों व ग्रामीणों के लिए एक सामूहिक भोज (प्रीतिभोज) का आयोजन भी किया गया।
उदकोटी स्कूल की कायापलट: प्राइवेट छोड़ यहां दाखिला करा रहे अभिभावक
गौरतलब है कि पृथ्वी सिंह रावत ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय उदकोटी को अपनी नवाचारी शिक्षण शैली और कठोर परिश्रम से एक मिसाल के रूप में स्थापित किया है। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि जहां प्रदेशभर में प्राथमिक विद्यालयों में छात्रसंख्या घट रही है, वहीं उदकोटी में अभिभावक निजी (प्राइवेट) स्कूलों से बच्चों का नाम कटवाकर इस सरकारी स्कूल में प्रवेश दिला रहे हैं। स्मार्ट क्लासरूम, खेल-कूद, अनुशासन और अंग्रेजी-हिंदी माध्यम की संतुलित पढ़ाई ने इस विद्यालय को पूरे जनपद में एक मॉडल स्कूल का दर्जा दिलाया है।
समारोह के दौरान साथी शिक्षकों ने पृथ्वी सिंह रावत को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके समर्पण को अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बताया।
सम्मान पाकर भावुक हुए पृथ्वी रावत, कहा— “बढ़ गई जिम्मेदारी”
नागरिक अभिनंदन से अभिभूत प्रधानाध्यापक पृथ्वी सिंह रावत ने सभी ग्रामीणों, विभागीय साथियों और सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यह पुरस्कार केवल मेरा नहीं, बल्कि उन बच्चों, अभिभावकों और सहयोगियों का है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। आप सभी के इस अगाध प्रेम और हौसलाअफजाई ने मेरी जिम्मेदारियों को पहले से कई गुना बढ़ा दिया है। अब प्राथमिक शिक्षा की इस मशाल को और अधिक मजबूती के साथ आगे ले जाना मेरा संकल्प है।



