आराकोट के मैंजनी गांव के सैंज तोक बागवानी क्षेत्र में लो वोल्टेज के कारण नही हो रही सेब की ग्रेडिंग : बागवानों में भारी आक्रोश

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आराकोट Uttarkashi: मोरी तहसील के आराकोट के मैंजनी ग्राम पंचायत के सैंज तोक बागवानी क्षेत्र का विधुत ट्रांसफार्मर जलने के कारण यहां विधुत आपूर्ति बाधित होने से सेब की ग्रेडिंग नही हो पा रही है जिससे सेब बागवानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने यहां शीघ्र ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
मैंजनी गांव के सैंज तोक में 1 सितंबर को तकनीकी खराबी आने से अचानक ट्रांसफार्मर जल गया जिससे यहां निवास कर रहे करीब 50 परिवारों की विद्युत सप्लाई ठप हो गई। विभाग ने हालांकि यहां की विधुत लाइन को मैंजनी गांव के ट्रांसफार्मर से जोड़कर विधुत आपूर्ति बहाल कर दी है लेकिन इससे यहां लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। लो वोल्टेज से यहां सेब की ग्रेडिंग नही हो पा रही है जिससे बागवानों का सेब मंडी नही पहुंच पा रहा है। उपभोक्ताओं द्वारा कई बार विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराने के बावजूद अभी तक यहां ट्रांसफार्मर नही लगाया गया।
सैंज निवासी बागवान सेवानिवृत्त शिक्षक भजन सिंह रावत ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने से सैंज तोक में लो वोल्टेज की समास्या बनी हुई है। लो वोल्टेज के कारण यहां ग्रेडिंग मशीन काम नही कर पा रही है जिससे सेब ग्रेडिंग नही हो पा रहा है। ग्रेडिंग न होने से सेब मंडियों तक नही पहुंच पा रहा है जिससे यहां हजारों पेट्टी सेब खराब होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में कई बार अवगत कराने के बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर नही लगाया गया।
सैंज गांव का ट्रांसफार्मर जल गया था यहां अन्य गांव से विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। दो,चार दिन के अंदर यहां ट्रांसफार्मर पहुंच जाएगा : नरेन्द्र सिंह राणा कनिष्ठ अभियंता यूपीसीएल