उत्तरकाशीउत्तराखंडट्रेक ऑफ द ईयर 2024ट्रेकिंगदेश-विदेशपर्यटनरोजगारविकास

सरूताल बुग्याल ट्रेक ऑफ द ईयर घोषित : पर्यटन को लगेंगे पंख, दूरस्थ गांवों का होगा विकास 

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

पुरोला,Uttarkashi: सीमांत क्षेत्र सर बडियार के सरूताल बुग्याल को वर्ष 2024 का ट्रेक ऑफ द ईयर घोषित किया गया है। जिला पर्यटन विभाग को शासन द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार आगामी सितंबर माह में यहां आधिकारिक रूप से ट्रेक ऑफ द ईयर से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएगी।

साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने व दूरस्थ गांवों को पर्यटन से जोड़कर विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा ट्रेक ऑफ द ईयर योजना शुरू की गई है, जिसके तहत जनपद में बीते सालों में चाईंशील बुग्याल, हरकीदून, दयारा बुग्याल व देवक्यारा को ट्रेक ऑफ द ईयर बनाया जा चुका है। इसी क्रम में वर्ष 2024 के लिए सरूताल बुग्याल को चुना गया है। शासन ने जिला पर्यटन अधिकारी को सरूताल बुग्याल को ट्रेक ऑफ द ईयर चुनने के साथ ही सितंबर माह से यहां विधिवत ट्रेकिंग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

सरुताल ट्रेक मध्य हिमालय में स्थित एक रमणीक ट्रेक है। गोविंद वन्यजीव विहार में 4,200 मीटर की ऊँचाई पर स्थित ऊंची चोटियों से घिरी कई किमी परिधि के बुग्यालों के बीच सरूताल झील है। यहां से स्वर्गारोहिणी, बंदरपूंछ, काली चोटी सहित अन्य बर्फीली पर्वत श्रंखलाओं के दर्शन होते हैं।

सरूताल के बारे में बताया जाता है कि सरुताल में साक्षात देवताओं के दर्शन होते हैं। केदारखंड में उल्लेख है कि यहां देवता प्रातःकालीन स्नान करने को आते हैं। सरगांव में अविरल बह रहे सात धाराओं (जल स्रोत) का उद्गम स्थल भी सरुताल को बताया जाता है। फोटोग्राफी के शौकिन लोगों के लिए भी यह ट्रेक किसी जन्नत से कम नही है

सर बडियार क्षेत्र के ग्रामीण गत तीन दशक से कई किमी क्षेत्र में फैले पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को समेटे सरूताल बुग्याल को पर्यटन के मानचित्र पर अंकित करने की मांग कर रहे हैं। सर बडियार विकास समिति के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत के नेतृत्व में गत माह इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर उन्हे ज्ञापन सौंपा था।

क्षेत्र वासियों ने सरूताल को ट्रेक ऑफ द ईयर घोषित करने पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का आभार व्यक्त करते हुए ट्रेकिंग कार्यक्रम का शुभारंभ करने हेतु उन्हें निमंत्रण देने के लिए शीघ्र एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात करने देहरादून जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button