प्रीतम सिंह ने भारी संख्या में कार्यकर्ताओं से राजभवन घेराव में भागीदारी सुनिश्चित करने का किया आह्वान

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोलाUTTARKASHI: कांग्रेस ने आगामी 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव की तैयारियों को लेकर यहां एक बैठक का आयोजन किया। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस चुनाव प्रबंधक समिति के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह चौहान ने अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं से राजभवन घेराव में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कांग्रेस चुनाव प्रबंधक समिति के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह चौहान ने भाजपा सरकार पर राज्य में भय, भ्रष्टाचार, लूटपाट, महिला अपराध और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर निशाना साधा, उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने जनता से भी विपक्ष के साथ मिलकर सड़कों पर उतरने और भाजपा सरकार को जवाब देने की अपील की। प्रीतम सिंह ने डामटा, नैनबाग में भी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया।

उन्होंने यहां रवांई बसन्तोत्सव मेला, बाज़ार की जातर में भी प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी पुरोला ( यमुना घाटी ) के जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, पूर्व अध्यक्ष हरिमोहन नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र नेगी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मोरी राजपाल रावत, वरिष्ठ कांग्रेसी रोजी सिंह सौंदाण, शांति ठाकुर, कविंद्र असवाल सहित मोरी, नौगांव, बड़कोट से कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।



