उत्तरकाशीउत्तराखंडचमोलीदेहरादूनपर्यावरणरुद्रप्रयागवृक्षारोपणहरेला पर्व

प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया पर्यावरण को समर्पित हरेला पर्व:मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

पुरोला,Uttarkashi: पर्यावरण को समर्पित हरेला पर्व प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों, जन प्रतिनिधियों, आम नागरिकों तथा छात्रों के द्वारा वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जागेश्वर धाम के प्रसिद्ध श्रावणी मेले का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में एक महीने तक चलने वाले श्रावणी मेले का पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया। उन्होंने जागेश्वर के भंडारा स्थल में पदम का वृक्ष लगाकर हरेला की शुभकामनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर धाम पौराणिक संस्कृति का अप्रतिम प्रतीक है। यहां आकर एक अलग ही शांति की अनुभूति मिलती है। भगवान जागेश्वर सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा रखते हैं। उन्होंने कहा कि यहां कोई अपनी मर्जी से नहीं बल्कि बाबा के बुलावे पर ही आता है। श्रावणी मेले को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला पौराणिक संस्कृति का जीता जागता उदाहरण है। श्रावणी मेला सदियों से श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को हरेला पर्व एवं श्रावणी मेले की शुभकामनाएं देते हुए डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड के विकास को समर्पित सरकार है। इसी का परिणाम है कि नीति आयोग द्वारा जारी की गई सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में उत्तराखंड प्रथम स्थान पर आया है। यह उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास को समर्पित सरकार है। अल्मोड़ा के कोसी से कौसानी तक साइकिल ट्रैक का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिससे अल्मोड़ा जनपद के पर्यटन को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा शहर के विस्तार की भी योजना बनायी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना की है तब से यहां श्रद्धालुओं की संख्या में गुणात्मक वृद्धि हुई है तथा लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार लगातार देश एवं प्रदेश में विकास के नए नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। प्रदेश के तीर्थाटन को बढ़ाने में भी राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। जिस प्रकार केदारनाथ एवं बदरीनाथ मंदिर के मास्टर प्लान के माध्यम से केदारनाथ एवं बदरीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है उसी प्रकार जागेश्वर धाम के मास्टर प्लान के माध्यम से भी यहां के लोगों के आजीविका के द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मास्टर प्लान के कार्य पूरा हो जाने के बाद प्रति वर्ष 10 लाख श्रद्धालुओं के यहां आने की उम्मीद है। इसके माध्यम से यहां के लोगों का जीवन खुशहाल होगा एवं जनपद की आर्थिकी में भी बढ़ोतरी होगी।

उतरकाशी, बड़कोट के निकट पौल गांव के  हरेला वन में जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी, प्रभागीय वनाधिकारी अपर यमुना वन प्रभाग रविन्द्र पुंडीर, उप जिलाधिकारी बड़कोट मुकेश चंद रमोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों, जन प्रतिनिधियों, आम नागरिकों तथा छात्रों के द्वारा वृक्षारोपण किया गया।

हरेला पर्व के अवसर पर पर्यावरण की रखवाली घर घर हरियाली लाए समृद्धि और खुशहाली थीम पर आज जनपद में मुखेम रेंज अंतर्गत जिला मुख्यालय के ग्राम पंचायत डांग गांव में हरेला पर्व वृक्षारोपण कर मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकिशन , जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्वेता राणा चौहान,अपर जिलाधिकारी रज़ा अब्बास, डीएफओ डीपी बलूनी, उप जिलाधिकारी भटवाड़ी बृजेश कुमार तिवारी, सीओ आईटीबीपी सचिन कुमार, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर तीरेपन रावत, मुख्य कोषाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रेम पोखरियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी बीएस रावत, परियोजना निदेशक रमेश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों, आम नागरिकों के द्वारा वृक्षारोपण किया गया।

हरेला पर्व के अवसर पर उत्तरकाशी पुलिस ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पर्यावरण संरक्षण को समर्पित उत्तराखण्ड़ के लोकपर्व ‘हरेला’ के अवसर पर पुलिस द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर वृक्षारोपण किया गया। जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ0 मेहरबान सिंह बिष्ट एवं पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने पौलगांव व तुनाल्का बडकोट क्षेत्र में वन विभाग द्वारा आयोजित “हरेला महोत्सव” कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए वृक्षारोपण किया।

इस दौरान डीएफओ रविन्द्र पुण्डीर, एसडीएम बडकोट मुकेश चन्द्र रमोला, पुलिस उपाधीक्षक बडकोट सुरेन्द्र सिंह भण्डारी, थानाध्यक्ष बडकोट दीपक कठैत, थानाध्यक्ष पुरोला मोहन कठैत सहित अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मगण, जनप्रतिनिधियों व छात्राओं के द्वारा भी वृक्षारोपण किया गया।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस लाइन ज्ञानसू उत्तरकाशी सहित जनपद के समस्त कोतवाली/थाना व फायर स्टेशन पर प्रभारियों के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस जवानों द्वारा वृहत स्तर पर विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाये गये।

रूद्रप्रयाग, पर्यावरण को समर्पित हरेला पर्व के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिलाधिकारी सौरभ गहरवार, मैती आंदोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. जीएस खाती सहित अन्य अधिकारी- कर्मचारियों ने रुद्रप्रयाग बाईपास के जवाड़ी पार्क एवं वन विभाग के दफ्तर के समीप में पौधो का रोपण किया और जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं व बधाई दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को समर्पित भाव से प्रकृति संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ना होगा और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध पर्यावरण मिले, इसके लिए पर्यावरण संरक्षण में सभी की जिम्मेदारी सुनिश्चित हो। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए स्कूली छात्र- छात्राओं से संवाद करते हुए पौधारोपण एवं पेड़ों के संरक्षण की महत्ता पर सवाल- जवाब भी किए। प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले छात्रों को जिलाधिकारी ने पौधा भेंट कर सम्मानित किया।

पुरोला, भटवाड़ी, मोरी, बड़कोट, नौगांव, सांकरी, डुंडा, चिन्यालीसौड़ में भी देवदार, बांझ, आंवला, अनार, अंगर आदि पौधों का रोपण किया गया। राजकीय आदर्श विद्यालय उदकोटी में प्राध्यापक पृथ्वी सिंह रावत के नेतृत्व में वृक्षारोपण किया गया। पुरोला में राजकीय पशु चिकित्सालय में डा0 गुरूदयाल नेगी, डा0 मनीषा पोखरियाल के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। सांकरी में हरेला पर्व का आयोजन किया गया। जिसमें देवदार, बांझ, आंवला, अनार, अंगर आदि लगभग 150 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर चैन सिह रावत सचिव हिमालयन हाईकर्स, सुमन सिंह रावत अध्यापक, बरफिया लाल ग्राम प्रधान सौड़, जसपाल सिंह आर्य उप-वन क्षेत्राधिकारी, बिजेन्द्र सिंह रावत, जोगेन्द्र लाल वन पंचायत सरपंच, प्रवेश रावत सदस्य ट्रेक अप इंडिया, महेन्द्र रावत- टच हिमालय, भरत सिंह रावत तथा राइका सांकरी की छात्र/ छात्राएं तथा समस्त वन कर्मी सांकरी रेंज उपस्थित रहे।

मैती आंदोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिन प्रतिदिन भू-जल स्तर कम होता जा रहा है वह एक चिंता का विषय है इसलिए हमें पानी, पर्यावरण को बचाना होगा जिसके लिए अधिक से अधिक पौधे रोपित करने की आवश्यकता है जिससे आने वाली पीढ़ी को पानी व ऑक्सीजन की कमी से जूझना न पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button