रवांई को पृथक जनपद बनाने की मांग हुई तेज : मार्च तक जनपद का गठन न होने पर आंदोलन की चेतावनी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोला UTTARKASHI : रवांई को पृथक जनपद एवं पुरोला को जिला मुख्यालय बनाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। शुक्रवार को यहां खेल मैदान में इस मांग को लेकर एक सर्वदलीय महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में 30 मार्च तक इस पर सकारात्मक कार्रवाई न करने पर तहसील में धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में मुख्यमन्त्री को भी एक ज्ञापन भेजा गया। बैठक में पृथक रवांई जिला बनाओ संघर्ष समिति का गठन भी किया गया, समिति में बलदेव सिंह असवाल को अध्यक्ष बनाया गया है।
रवांई को पृथक जनपद बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। विकट भौगोलिक परिस्थिति वाले रवांई क्षेत्र के नौगांव, पुरोला एवं मोरी ब्लॉक की जनता वर्षों से अलग जनपद की मांग कर रही है लेकिन किसी भी सरकार ने इस ओर ध्यान नही दिया। रवांई घाटी के लोगों ने अब पृथक जनपद गठन हेतु आर पार की लड़ाई का मन बना लिया है।
रवांई घाटी के लोगों ने 1960 में जब टिहरी जनपद से पृथक उत्तरकाशी जनपद का गठन किया गया था तब से ही विकट भौगोलिक परिस्थिति वाले रवांई घाटी के नौगांव, पुरोला व मोरी ब्लॉक को मिलाकर पृथक जनपद की मांग करनी शुरू कर दी थी लेकिन किसी भी सरकार ने इस ओर ध्यान नही दिया। राज्य गठन के बाद भी यहां कई बार महीनों तक आंदोलन चलते रहे। वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी एक राजनीतिक षड्यंत्र के तहत रवांई की जगह यमुनोत्री सहित प्रदेश में चार नए जिलों का गठन करने की घोषणा की थी लेकिन वो भी अभी तक ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है।
अविभाजित उतर प्रदेश के समय तो पूर्व पर्वतीय विकास मंत्री स्वा0 बरफिया लाल जुवांठा के समय तो यहां से पुरोला को जनपद बनाने का ब्लू प्रिंट भी उतर प्रदेश शासन को भेजा गया था।
शुक्रवार को उपरोक्त मांग को लेकर यहां खेल मैदान में एक महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे मोरी ब्लॉक के सुदूरवर्ती क्षेत्र के लोग आज भी दो दिन में जिला मुख्यालय उत्तरकाशी पहुंचते हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि 30 मार्च तक मांग पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर रवांई जिला बनाओ संघर्ष समिति का गठन भी किया गया। समिति में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र सिंह रावत संरक्षक, प्रकाश डबराल संयोजक, बलदेव सिंह असवाल जिलाध्यक्ष, गंभीर सिंह चौहान महासचिव, अंकित पंवार, जयेंद्र सिंह नेगी, धनवीर सिंह रावत उपाध्यक्ष, उपेंद्र सिंह राणा कोषाध्यक्ष तथा लायबर सिंह नेगी को पुरोला, गोपाल चौहान को मोरी एवं जगबीर सिंह को नौगांव ब्लॉक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद महापंचायत में शामिल लोगों ने ढोल नगाड़ों के साथ नगर में रैली का आयोजन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।



