
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Dehradun: जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 2026 के बीच संपन्न किया जाएगा। इस संबंध में जनगणना निदेशालय द्वारा सभी जनपदों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निदेशालय द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार जनगणना में आम नागरिकों के लिए स्वगणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। स्वगणना की प्रक्रिया 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक, यानी 10 दिनों की अवधि के लिए खुली रहेगी। इस दौरान नागरिक स्वयं अपने मकान और परिवार से संबंधित विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना अवधि समाप्त होने के बाद 25 अप्रैल से 24 मई तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों की गणना और सूचीकरण का कार्य पूरा करेंगे। इसके साथ ही जनपद के प्रमुख व्यक्तियों की स्वगणना प्रक्रिया को मीडिया कवरेज के साथ संपन्न कराया जाएगा, ताकि लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
जनगणना 2027 के लिए नामित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जनगणना निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से संपादन करना सुनिश्चित करें।



