उत्तरकाशीउत्तराखंडदेहरादूनराजनीतिसामाजिक

सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को फोर्सली क्लोज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी : सीएम धामी

पत्रिका ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत को फोर्सली क्लोज न किया जाए। शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही शिकायत क्लोज की जाए। धामी ने तहसील दिवस की शिकायतों के डिजिटाइजेशन पोर्टल का शुभारंभ भी किया। जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जब तक शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट नहीं हो जाता है, उनकी शिकायत फोर्सली क्लोज न की जाए, यदि कोई अधिकारी ऐसा कर रहे हैं तो उन पर सख्त कारवाई की जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री जन समर्पण दिवस (सहयोग से समाधान की ओर) डिजिटाइजेशन प्रक्रिया द्वारा तहसील दिवस एवं जिलाधिकारी जनता दिवस पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल सीएम हेल्पलाइन 1905 से कनेक्ट होगा। इससे तहसील दिवस एवं जिलाधिकारी के समक्ष प्रत्येक माह प्राप्त शिकायतों एवं उनमें कितनों का समाधान किया गया इसकी पूरी जानकारी प्राप्त होगी। यह सभी जानकारी डिजिटल माध्यम से प्राप्त होगी। इसके लिए अलग से रजिस्टर मेंटेन करने की आवश्यकता नहीं होगी। लोक निर्माण विभाग और नगर निगम में एक ही दिन में कई शिकायतों के निस्तारण होने पर मुख्यमंत्री ने सचिव लोक निर्माण विभाग एवं आयुक्त गढ़वाल मण्डल को इसकी जांच करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर आ रही शिकायतों के सबंध में शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर उनका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अगली बैठकों में यह भी देखा जाएगा कि कौन अधिकारी शिकायतकर्ताओं से लगातार बातचीत कर रहे हैं और कौन लापरवाही बरत रहे हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग सतर्कता अधिष्ठान को मजबूत बनाने के लिए अपने विभागों में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें। सीएम हेल्पलाइन की पिछले माह हुई बैठक में सतर्कता अधिष्ठान को मजबूत करने के निर्देश दिए थे। इस सबंध में उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से इस दिशा में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन 1905 के सफल संचालन के लिए कार्य कर रहे लोगों को और अधिक प्रशिक्षित किया जाए।

इधर जिलाधिकारी उत्तरकाशी अभिषेक रुहेला ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के साथ ही सभी कार्यालयों में पत्रावलियों का मूवमेंट और पत्राचार ई-ऑफिस के माध्यम से प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी नियमित रूप से पोर्टल्स पर लॉगइन कर इन दोनों कार्यों को दैनिक कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
अधिकारियों की एक बैठक में जिलाधिकारी ने सी.एम. हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी नियमित अंतराल पर पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की जानकारी लेकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाय और निस्तारण की स्थिति तत्काल पोर्टल पर दर्ज की जाए।  जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत के बारे में दूरभाष पर वार्ता में सही स्थिति की जानकारी दी जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button