
नौगांव। रवांई घाटी के 65 गांव के आराध्य देव रुद्रेश्वर महादेव के कपाट आज विधिवत पूजा/अर्चना के बाद भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं। भगवान रुद्रेश्वर महादेव का आशीर्वाद लेने के लिए हजारों लोग दूर दराज से कंडाऊं थान पहुंचे। स्थानीय लोगों ने इस दौरान ढोल–दमाऊं की थाप पर तांदी नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। रवांई घाटी के 65 गांव के आराध्य देव रुद्रेश्वर महादेव सालभर में केवल एक माह अपने गर्भ गृह से बाहर आकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। सोमवार को दोपहर शुभ मुहूर्त 3 बजकर 28 मिनट पर रुद्रेश्वर महादेव गर्भ गृह से बाहर निकले। इस मौके पर दूर–दराज से आए ग्रामीणों/भक्तों ने श्रीफल, चुनरी, चावल, हरियाली का रुद्रेश्वर महादेव को भेंट स्वरूप भोग लगाकर दर्शन करने के बाद आशीर्वाद लिया। साथ ही क्षेत्र की सुख–समृद्धि की कामना की है। इस दौरान लोगों ने ढोल/दमाऊं की थाप पर रासौं/तान्दी नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया है। 4 जुलाई को यहां रवांई घाटी का सुप्रसिद्ध मेला (डांडा देवराना की जातर) का हर वर्ष की तरह आयोजन किया जाएगा।