
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
यमुनोत्री। यमुना घाटी के प्रसिद्ध देव शेषनाग महाराज बद्रीनाथ, केदारनाथ धाम की यात्रा पूरी करने के बाद गुरूवार देर शाम को यमुनोत्री धाम पहुंचे। धाम में रात्रि विश्राम करने के बाद शुक्रवार को स्नान, अभिषेक आदि पूजा अर्चना करने के बाद अपने थान स्थान कुपड़ा गांव में स्थित मंदिर मे विराजमान हो गए है।
कुपड़ा गांव स्थित क्षेत्र के प्रसिद्ध इष्टदेव शेषनाग महाराज एक सप्ताह पूर्व बद्रीनाथ, केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। गुरूवार को शेषनाग महाराज की डोली यात्रा पूर्ण कर यमुनोत्री धाम पहुंची। यमुनोत्री धाम में पूजा अर्चना, स्नान, अभिषेक करने के बाद महाराज की डोली कुपड़ा गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों ने महाराज की डोली का भव्य स्वागत कर महाराज मंदिर में विराजमान हो गए है। पंडित पवन प्रकाश उनियाल, भगत सिंह राणा ने बताया कि इस अवसर पर यहां भारी संख्या में उपस्थित श्रद्घालुओं ने शेषनाग महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए शुभाशीष लिया। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन भी किया गया।