
नदी मे बहे तीर्थ यात्री के शव को पुलिस ने किया बरामद
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बड़कोट। मंगलवार सुबह करीब 06.30 बजे एक व्यक्ति के किसाला नामक स्थान पर यमुना नदी में बहने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर बडकोट पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम तुरन्त आवश्यक उपकरण के साथ मौके के लिए निकले। सर्च अभियान चलाते हुए उक्त व्यक्ति को खरादी के पास यमुना नदी से मृत अवस्था में बरामद किया गया है।

शिनाख्त करने पर उक्त व्यक्ति की पहचान भाव साहेब पुत्र श्याम राव निवासी ग्राम ददोल तह0 बाजपुर जिला औरंगाबाद महाराष्ट्र उम्र-42 के रुप में हुई है। मौके पर उनकी पत्नी द्वारा बताया गया कि वह लोग यात्रा पर आए थे, यमुनोत्री दर्शन करने के बाद वह किसाला स्थित होटल में रुके थे, सुबह करीब 06.20 पर उनके पति यमुना नदी में स्नान करने के लिए निकले थे, अचानक पैर फिसलने के कारण वह यमुना नदी मे बह गए। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति को सीएचसी बडकोट ले जाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।