उत्तरकाशीपर्यावरणसामाजिक

जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया लोकपर्व हरेला : जनपद में 10 लाख पौध रोपित करने का लक्ष्य

पत्रिका ब्यूरो

उत्तरकाशी। प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन से जुड़ा लोक पर्व ‘हरेला‘ जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर विभिन्न प्रजाति के हजारों पौधे रोपित किये गए। जिले में मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय के निकटवर्ती डांग गांव के होड़ा वन क्षेत्र में आयोजित किया गया। यह इलाका वनों की रक्षा के लिए बहुचर्चित चिपको आंदोलन एवं रक्षा सूत्र आंदोलन का भी केन्द्र रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वन-संवर्द्धन एवं पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को मिल रहे जन-समर्थन से यह अभियान निश्चित तौर पर कामयाब होगा। हरेला पर्व से शुरू हुए यह महाअभियान आगामी 15 अगस्त तक चलेगा, इस दौरान जिले में 10 लाख से भी अधिक पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, नगरपालिका बाड़ाहाट के अध्यक्ष रमेश सेमवाल, मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी डी.पी.बलूनी, गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक आरएन पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरसीएस पंवार भी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने जोशियाड़ा बैराज के निकट स्थापित भागीरथी रूद्राक्ष वाटिका में भी रूद्राक्ष रोपित कर गत वर्ष रोपित पौधों की देखभाल का जायजा भी लिया।

इधर यमुना घाटी के अपर यमुना वन प्रभाग, टौंस वन प्रभाग व गोविंद वन्य जीव विहार सहित अधिकांश ग्राम पंचायतों में हरेला पर्व के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पाणीगांव में आयोजित हरेला कार्यक्रम में विधायक दुर्गेश्वर लाल, एसडीएम देवानंद शर्मा मौजूद रहे। महर गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष जगमोहन पंवार के नेतृत्व में हरेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गोविंद वन्य जीव विहार के सांकरी में ट्रैकप इंडिया व इको विकास समिति के सौजन्य से वृक्षारोपण किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button