उत्तरकाशीउत्तराखंड

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बड़कोट क्षेत्र का भ्रमण कर जन समास्याएं सुनी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

बड़कोट। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बड़कोट क्षेत्र का भ्रमण कर जन समास्याएं सुनी। उन्होंने सेब उद्यानों का निरीक्षण भी किया। जोशी ने लोनिवि निरीक्षण भवन बड़कोट में स्थानीय लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया।

जोशी ने चक्रगांव-साड़ा-उपराड़ी मोटरमार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को शीघ्र इस सड़क को सुधारने के निर्देश दिए। उपराड़ी गांव में एप्पल मिशन योजना के अंतर्गत स्थापित उद्यानों का निरीक्षण करते हुए कृषि मंत्री जोशी ने सेब पर लगने वाली बीमारियों के नियंत्रण के लिए उद्यान विभाग के अधिकारियों को कारगर इंतजाम करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में अति सघन बागवानी द्वारा अगले 8 वर्षों में प्रदेश में सेब के व्यवसाय को 200 करोड़ से बढ़ाकर 2000 करोड़ रूपये करने का लक्ष्य तय किया है जिसे हासिल करने के लिए 808.79 करोड़ रू. का बजट प्राविधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प को सार्थक करने हेतु मिशन एप्पल योजना के बजट में कई गुना वृद्धि करते हुए अति सघन व सघन सेब बागानों की स्थापना के लिए किसानों को 80 प्रतिशत राज सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आजीविका में सुधार लाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान विधायक संजय डोभाल, मुख्य उद्यान अधिकारी डा. डी.के.तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी रौंटा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अतोल रावत, मुकेश टम्टा, आजाद डिमरी आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button